मूट कोर्ट में छात्रों ने केस लॉ, संविधान अधिनियमों और न्यायालयीन निर्णयों को समझा
— प्रतियोगिता में ग्रुप बी के प्रतिभागियों ने हासिल किया प्रथम स्थान
वाराणसी, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के मोती कोट गंगापुर स्थित लोकबंधु राज नारायण विधि महाविद्यालय में गुरुवार को मूटकोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभांरभ महाविद्यालय के प्रबन्धक सुभाष सिंह ने मॉ सरस्वती एवं लोकबन्धु राजनारायण के प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर प्रबंधक सुभाष सिंह ने कहा कि मूट कोर्ट का उद्देश्य छात्रों को न्यायिक प्रक्रिया की व्यवहारिक जानकारी देना है। मूट कोर्ट में भाग लेने से छात्रों को केस लॉ, संविधान, अधिनियमों और न्यायालयीन निर्णयों पर गहन अनुसंधान करने का अभ्यास मिलता है। छात्रों की विश्लेषणात्मक सोच और तर्क प्रस्तुत करने की क्षमता को भी मजबूती मिलती है। सार्वजनिक रूप से बोलने और आत्मविश्वास से अपनी बात रखने का अवसर मिलता है। मूट कोर्ट प्रतियोगिता में महाविद्यालय के ग्रुप बी के हौशिला प्रसाद, मातादीन एवं मोहम्मद आरिफ आदि प्रतिभागियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ग्रुप डी के उद्देश्य श्रीवास्तव, सनी विश्वकर्मा और नीलेश कुमार आदि प्रतिभागियों ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सर्वश्रेष्ठ मेमोरियल ग्रुप सी सर्वश्रेष्ठ मूटर ग्रुप ए की तनु गिरी एवं सर्वश्रेष्ठ रिसर्चर ग्रुप डी के सनी विश्वकर्मा को चयनित किया गया। सभी चयनित प्रतिभागियों को महाविद्यालय के शिक्षकों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता करूणामय तथा डॉ अभिषेक सिंह ने आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

