मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का वाराणसी में लाइव स्ट्रीमिंग,राज्यमंत्री ने जवानों के साथ सुना संबोधन
-पीआरडी स्वयंसेवकों का दैनिक ड्यूटी भत्ता अब 600 रूपये,कैशलेस चिकित्सा योजना का मिलेगा लाभ
वाराणसी, 18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में जवानों को 500 रुपये की जगह प्रतिदिन 600 रुपये ड्यूटी भत्ता देने का ऐलान किया। इन जवानों को सपरिवार प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये मुफ्त इलाज से आच्छादित करने का भी घोषणा किया।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में
आयोजित इस कार्यक्रम का वाराणसी सर्किट हाउस में भी लाइव स्ट्रीमिंग किया गया। वेतन वृद्धि की घोषणा होते ही कार्यक्रम में मौजूद जवानों की खुशी देखते ही बन रही थी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 23 करोड़ रूपये की लागत से लखनऊ के ग्राम-परवर पश्चिम, सरोजनी नगर लखनऊ में बहुमंजिला पीआरडी बैरक का भी शिलान्यास किया।
सर्किट हाउस में इस लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम में प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, सेवापुरी विधायक की प्रतिनिधि अदिति पटेल व जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के समापन के बाद राज्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पीआरडी जवान कानून- व्यवस्था बनाए रखने और विभिन्न आयोजनों में निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं देते हैं। उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। सरकार जवानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में नीतीश कुमार राय (जिला युवा कल्याण अधिकारी), विवेक सिंह, वीरेंद्र कुमार, रागिनी सिंह, रीना यादव, क्षेत्रीय कल्याण अधिकारी आदि भी मौजूद रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

