बाबतपुर एयरपोर्ट के रनवे एक्सपेंशन के कार्यो का कमिश्नर ने लिया जायजा
-कार्गो क्लास के कार्यों का निरीक्षण,बढ़ती हवाई कनेक्टिविटी को लेकर दिया दिशा-निर्देश
वाराणसी, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रनवे एक्सपेंशन के कार्यों का सोमवार को वाराणसी परिक्षेत्र के कमिश्नर एस राजलिंगम ने जायजा लिया। कमिश्नर ने एयरपोर्ट पहुंचकर सर्वप्रथम एकीकृत एयर कार्गो टर्मिनल का निरीक्षण किया तथा उसके संचालन समेत अन्य बिंदुओं की गहनता से पड़ताल की। एकीकृत एयर कार्गो टर्मिनल 8800 वर्ग मीटर में फैला है जिससे किसानों के उत्पादों को बाहर खाड़ी देशों में भेजने में मदद मिलती है।
मण्डलायुक्त ने निर्माणाधीन एयरपोर्ट रनवे एक्सपेंशन के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने एक्सपेंशन में आने वाले स्ट्रक्चर को तुरंत हटाने को निर्देशित किया। उन्होंने कार्गो सुविधाओं के विकास को वाराणसी की बढ़ती हवाई कनेक्टिविटी और व्यापारिक गतिविधियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। रनवे से जुड़े कार्यों की भी बारीकी से समीक्षा करते हुए सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रनवे एक्सपेंशन के कार्यों में शिथिलता बरतने पर तहसीलदार पिंडरा को शोकॉज नोटिस जारी किया गया। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने निर्माण एवं विकास कार्यों में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा यात्रियों एवं एयरपोर्ट संचालन पर कार्यों के प्रभाव को न्यूनतम रखने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों एवं एयरपोर्ट प्रबंधन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण वाराणसी के विकास और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूती प्रदान करेगा।
इसके बाद मंडलायुक्त ने राजातालाब गंजारी स्थित क्रिकेट स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण एवं विकास कार्यों की वर्तमान प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से परियोजना के विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता और कार्यों की गति का जायजा लिया। मंडलायुक्त ने स्टेडियम परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
गौरतलब है कि वाराणसी स्थित गंजारी में 350 करोड़ की लागत से बन रहा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। स्टेडियम का निर्माण कार्य 80 फीसद से अधिक हो चुका है। जिसको अक्टूबर महीने की शुरुआत में पूरा कर लिया जाएगा। मंडलायुक्त ने गंजारी स्थित सदगुरू नेत्र चिकित्सालय के निर्माणाधीन कार्यों को देखा तथा परियोजना की प्रगति के बारे में उचित जानकारियां हासिल की। इस दौरान एसडीएम राजातालाब शांतनु समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

