वाराणसी : गंदगी मिलने पर दो सफाई निरीक्षकों का वेतन रोका, नोटिस भी दी गईं

WhatsApp Channel Join Now

नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, पांडेयपुर व पहड़ियां वार्ड की सड़कों, तालाबों और डिवाइडरों के पास मिली भारी अव्यवस्था

वाराणसी, 22 जून (हि. स.) । उत्तर प्रदेश में वाराणसी शहर की स्वच्छता व सुंदरता को लेकर नगर निगम सजग है । यही नहीं ,स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ निगम कार्रवाई भी कर रहा है । इस क्रम में गत दिनों निरीक्षण के दौरान पांडेयपुर व पहाड़िया वार्ड में सड़कों, तालाबों और डिवाइडरों के पास व्यापक पैमाने पर गंदगी मिलने के बाद सोमवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने दो सफाई निरीक्षकों का अगले आदेश तक के लिए वेतन रोकते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस दी है । नोटिस में दोनों सफाई निरीक्षकों से तीन कार्य दिवसों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को पांडेयपुर वार्ड के काली माता मंदिर से पांडेयपुर फ्लाईओवर तक, फ्लाईओवर के ऊपर तथा डिवाइडर के किनारे व्यापक पैमाने पर गंदगी मिली । इस मामले में पांडेयपुर वार्ड से संबद्ध सफाई निरीक्षक सुजीत कुमार गुप्ता की कार्यप्रणाली में गंभीर शिथिलता व लापरवाही पाते हुए उनका वेतन रोक दिया गया है। इस प्रकार पहाड़िया वार्ड में पहाड़िया स्थित तालाब, डिवाइडरों और अशोक विहार कॉलोनी पार्क संख्या-4 के आसपास भारी कचरा और मलबा जमा मिला । यहां केवल कोरम पूरा करने के लिए नाममात्र की सफाई की जा रही थी। इस घोर अनुशासनहीनता के लिए सारनाथ से संबद्ध सफाई निरीक्षक अश्विनी कुमार वर्मा को जिम्मेदार ठहराते हुए उनका भी वेतन रोक कर जवाब तलब किया गया है। बार-बार निर्देश देने के बावजूद कार्यों में शिथिलता बरतने को अधिकारियों ने अनुशासनहीनता और निगम छवि को धूमिल करने वाला कृत्य है। ऐसे में नगर आयुक्त ने दोनों निरीक्षकों से तीन दिन के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण न देने पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story