वाराणसी में बारवाफात की पूर्व संध्या पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

WhatsApp Channel Join Now


—अफसर फोर्स के साथ सड़क पर उतरे,बारावफात जुलूस के निर्धारित मार्गों का स्थलीय निरीक्षण

वाराणसी, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में बारवाफात (ईदमिलादुन्नबी)पर्व पर जिला प्रशासन सतर्क है। पर्व के पूर्व संध्या पर मंगलवार देर शाम बारिश के बावजूद अफसर फोर्स के साथ सड़क पर उतर आए।

अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरि मीना ने पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर गौरव कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी और भारी पुलिस बल के साथ बारावफात जुलूस के निर्धारित मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।

बारावफात जुलूस के मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों, भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेडिंग व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था ने अफसरों को दिशा निर्देश दिया। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने कहा कि सुरक्षा और यातायात में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कमिश्नरेट की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि सभी पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हों और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अफसरों ने इस दौरान श्रावण शोभायात्रा, जलाभिषेक यात्रा को लेकर पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेडिंग व्यवस्था का जायजा लिया। संकरे मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और यातायात के दबाव वाले स्थानों को चिन्हित कर समय से व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story