प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के लिए समर्थकों ने किया हवन
वाराणसी, 02 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व विधायक अजय राय के स्वास्थ्य को लेकर पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक चिंतित हैं। शनिवार को समर्थकों ने प्रदेश अध्यक्ष के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना को लेकर वाराणसी में चेतगंज स्थित सत्ती माता मंदिर परिसर में विशेष हवन पूजन किया। समर्थकों ने प्रदेश अध्यक्ष की तस्वीर लेकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सत्ती माता से प्रदेश अध्यक्ष के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पार्टी के वाराणसी महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वास्थ्य को लेकर पार्टी कार्यकर्ता चिंतित हैं। फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष स्वस्थ हैं। कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रेम और शुभकामनाओं से वे शीघ्र जनसेवा में पहले की तरह जुट जाएंगे। उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की तबीयत शुक्रवार शाम अचानक बिगड़ गई। घर में बेहोश होने पर उन्हें तत्काल मेदांता अस्पताल लखनऊ में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। पार्टी के स्थानीय नेताओं के अनुसार खून में सोडियम की कमी के कारण वह बेहोश हुए थे। हालांकि, उन्हें अब भी कमजोरी महसूस हो रही है। इसलिए उन्हें चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। शनिवार शाम तक उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

