'विजिट माय स्टेट' अभियान में प्रदेश के होम-स्टे निभाएंगे अहम भूमिका: जयवीर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
'विजिट माय स्टेट' अभियान में प्रदेश के होम-स्टे निभाएंगे अहम भूमिका: जयवीर सिंह


लखनऊ, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में रूरल टूरिज्म को नई पहचान देने और स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पर्यटन विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। विभाग के अंतर्गत संचालित मान्यवर कांशीराम इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म मैनेजमेंट (एमकेआईटीएम) में प्रदेशभर से आए होम-स्टे संचालकों के लिए 14 से 18 जुलाई तक पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 35 प्रतिभागियों को होम-स्टे के प्रभावी संचालन, आधुनिक पर्यटन कौशल और उत्कृष्ट आतिथ्य सेवाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल अधिकांश होम-स्टे संचालक युवा हैं, जिन्होंने औपचारिक शिक्षा के बाद पर्यटन विभाग के सहयोग से स्वरोजगार के रूप में होम-स्टे संचालन को अपनाया है। यह पहल उन्हें रोजगार के साथ आत्मनिर्भरता की नई राह दिखा रही है।'

होम-स्टे संचालकों को पेशेवर आतिथ्य सेवा प्रदाता बनाने के उद्देश्य से आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्हें व्यवसाय को सफल बनाने के हर पहलू की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने कम लागत में प्रभावी मार्केटिंग, होम-स्टे की ब्रांडिंग, सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्रचार के गुर सिखाए। अतिथियों के पंजीकरण, शिकायत निवारण, सेवा प्रबंधन, टैरिफ निर्धारण, मूल्य तय करने और लागत नियंत्रण की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण में हाउसकीपिंग, रखरखाव, आकर्षक इंटीरियर, ऊर्जा संरक्षण और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग पर विशेष जोर रहा।

इसके अलावा, होम स्टे संचालकों को बेहतर आतिथ्य सेवा, व्यक्तित्व विकास, ग्रूमिंग, स्थानीय व्यंजनों और जैविक उत्पादों के मानकीकरण, स्वच्छता, सुरक्षा, स्वास्थ्य, टेबल एटीकेट और सेवा प्रोटोकॉल की बारीकियां भी बताई गईं। डिजिटल भुगतान, स्थानीय पर्यटन स्थलों की जानकारी और प्रभावी प्रस्तुतीकरण का प्रशिक्षण भी दिया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों का मूल्यांकन तथा प्रमाण-पत्र वितरण और फार्म विजिट के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव भी कराया गया। प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों में प्रयागराज, फर्रुखाबाद, अंबेडकरनगर, महराजगंज, बिजनौर, सहारनपुर, ललितपुर, लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, वाराणसी, महोबा, बांदा और चित्रकूट के होम स्टे संचालक शामिल हुए।

'विजिट माय स्टेट' में सहायक होम-स्टे मॉडल : पर्यटन मंत्री

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर देशी-विदेशी पर्यटकों की लगातार बढ़ती आमद के साथ होम-स्टे मॉडल भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इससे न केवल पर्यटकों के लिए ठहरने की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, बल्कि उन्हें स्थानीय कला, संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन और ग्रामीण जीवन शैली को करीब से जानने-समझने का अवसर भी मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story