विश्व हिंदू महासंघ 5 जून को मनायेगा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन
देवरिया, 03 मई (हि.स.)। विश्व हिंदू महासंघ ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और अपने राष्ट्रीय संरक्षक योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन 5 जून को विशेष रूप से मनाने का निर्णय लिया है। यह फैसला रविवार को बाबा सोमनाथ मंदिर स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजित एक बैठक में लिया गया।
मंडल प्रभारी बृजेश तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे विश्व में सनातन धर्म का परचम लहराया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उनका जन्मदिन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और हिंदुत्व के संकल्प को मजबूत करने का अवसर होगा।
जिला अध्यक्ष संजय तिवारी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 5 जून को वंदे मातरम चौक, पुरवा चौराहे पर सुंदरकांड पाठ के साथ समारोह की शुरुआत होगी। इस दौरान योगी आदित्यनाथ के हिंदुत्व और सनातन के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के मद्देनजर जनपद में जगह-जगह होर्डिंग और बैनर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आम जनमानस से बड़ी संख्या में वंदे मातरम चौक पर पहुंचकर कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की गई है। बैठक में अमरनाथ मिश्रा को कार्यक्रम का संयोजक नियुक्त किया गया। जिला अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

