एड्स बीमारी के उच्च जोखिम समूह के लोग आईसीटीसी केन्द्रों पर कराएं अपनी जांच : मुख्य चिकित्सा अधिकारी
फतेहपुर, 01 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से विश्व एड्स दिवस परेड की हरी झण्डी दिखाकर शुभारम्भ किया।
इस वर्ष की थीम ‘‘बाधायें दरकिनार, एचआईवी पर सशक्त प्रहार’’ के साथ मनाये जा रहे विश्व एड्स दिवस की जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 राजीव नयन गिरि ने कहा कि युवा पीढ़ी, अप्रवासियों, गर्भवती महिलाओं व एड्स बीमारी के उच्च जोखिम समूह के लोगों को आगे आकर अपनी जांच निकट के आईसीटीसी केन्द्रों पर करा लें। उन्होंने बताया कि यह केन्द्र जिला पुरूष व महिला चिकित्सालय फतेहपुर के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिन्दकी और खागा पर उपलब्ध है। गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क एचआईवी जांच प्रत्येक बुधवार व शनिवार को आयोजित होने वाले ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस पर प्रत्येक टीकाकरण सत्र पर एएनएम द्वारा तथा सभी सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रसव कक्ष में स्टाफ नर्स द्वारा किया जाता है। बीमारी पकड़ में आने पर मरीज की गोपनीयता बनाये रखने के लिए एचआईवी/एड्स एक्ट 2017 द्वारा प्रावधान है।
इलाज के लिए जिला चिकित्सालय फतेहपुर स्थित ए0आर0टी0 (ऐन्टी रेट्रो वायरल थरेपी) केन्द्र पर निशुःल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय पुरूष व महिला फतेहपुर, डा0 राजेश कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 आर0के0 वर्मा, पैथोलाॅजी विभागाध्यक्ष डा0 वरद वरधन बिशेन, जनकल्याण महासमिति फतेहपुर के प्रबन्धक एवं प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

