हिन्दू लड़कियों के अपहरण एवं खरीद-फरोख्त में जिहादी ताकतें सक्रिय : गोपाल राय

WhatsApp Channel Join Now
हिन्दू लड़कियों के अपहरण एवं खरीद-फरोख्त में जिहादी ताकतें सक्रिय : गोपाल राय


--लव जिहाद एवं धर्मांतरण मामलों पर विश्व हिन्दू रक्षा परिषद ने उठाए सवाल

लखनऊ, 21 मई (हि.स.)। विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने गुरुवार को राजधानी स्थित कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों को बताया कि हिन्दू लड़कियों के अपहरण, लव जिहाद, खरीद-फरोख्त एवं धर्मांतरण के बढ़ते मामलों के पीछे उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में संगठित तरीके से एक नेटवर्क संचालित है। ऐसे संगठित नेटवर्क के खिलाफ प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहा है। यह आरोप विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने राजधानी स्थित कार्यालय में पत्रकारों से कही।

उन्होंने इस दौरान गाजियाबाद के एक त्यागी परिवार की लड़की सहित छह अन्य युवतियों के लापता होने का मामला उठाते हुए कहा कि मेरठ निवासी बदर अख्तर सिद्दकी द्वारा आशा नेगी एवं प्रिया त्यागी समेत दर्जनों हिन्दू लड़कियों को लव जिहाद में फंसाकर अपहरण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रिया त्यागी के परिवार द्वारा दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था, लेकिन उक्त बच्चियां आज तक बरामद नहीं हो सकीं। बताया जाता है कि बदर अख्तर सिद्दकी सऊदी अरब से अपना गिरोह संचालित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि देश भर से लगातार ऐसी सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं, जिनमें हिन्दू बच्चियों को लव जिहाद का शिकार बनाकर उनका धर्मांतरण कराया जा रहा है। इसी क्रम में दुबग्गा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक 18 वर्षीय बच्ची के अपहरण का मामला भी सामने आया है, जो अभी तक लापता है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक सप्ताह पूर्व थाना चिनहट में पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही थी, जिसके बाद डीसीपी पूर्वी के सख्त निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया।

गोपाल राय ने कहा कि मुकदमे दर्ज होने के बाद भी पुलिस की कार्रवाई अत्यंत धीमी एवं निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र एवं कई राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हैं तथा प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, तब भी दोषियों के खिलाफ कठोर कदम न उठाया जाना कई गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बड़ा जनआंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने मांग की कि सभी लापता हिन्दू लड़कियों की तत्काल बरामदगी सुनिश्चित की जाए तथा लव जिहाद एवं धर्मांतरण नेटवर्क की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस दौरान विश्व हिन्दू रक्षा परिषद ने प्रियंका ठाकुर को महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई। नियुक्ति के पश्चात प्रियंका ठाकुर ने कहा कि वह संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगी तथा हिन्दू बेटियों की सुरक्षा, महिला जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण के लिए देशभर में अभियान चलाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story