विश्व रिकॉर्ड बनाने काे ट्रेडमिल पर 12 घंटे दौड़ेंगे अल्ट्रा रनर जैनुल आबेदीन

WhatsApp Channel Join Now
विश्व रिकॉर्ड बनाने काे ट्रेडमिल पर 12 घंटे दौड़ेंगे अल्ट्रा रनर जैनुल आबेदीन


मुरादाबाद, 24 दिसम्बर (हि.स.)। विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए महानगर मुरादाबाद के अल्ट्रा रनर जैनुल आबेदीन ट्रेडमिल पर लगातार 12 घंटे तक दौड़ेंगे। यह आयोजन 25 दिसम्बर को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर कम्पनी बाग में होगा।

मुरादाबाद एक्सप्रेस नाम से प्रसिद्ध जैनुल पहले भी विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास कर चुके हैं।

वर्ष 2022 व 2023 में वह विश्व रिकॉर्ड बनाने से चूक गए थे। आखिरी मौके पर तकनीकी खराबी से उनकी दौड़ रुक गई थी। बकौल जैनुल इस बार पूरी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। शहर के कुछ सामाजिक संगठनों से उन्हें सहयोग मिल रहा है।

जैनुल ने बुधवार को बताया कि वह नमामि गंगे व यूपी पुलिस के बैनरतले प्रयागराज से मुरादाबाद तक दौड़ लगा चुके हैं। सेना के सम्मान में उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में कई सौ किलोमीटर की दौड़ पूरी की। हाल ही में दिल्ली में आयोजित हाफ मैराथन में पदक जीतकर लौटे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story