विशाल यादव हत्याकांड मामला : परिजनों से मिले सपा विधायक लकी यादव, एक लाख रुपये की सहायता दी
परिवार को न्याय का भरोसा, शेष आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए एसपी से मिलने की बात कही
जौनपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज बाजार में 11 सितंबर को लोहे की सरिया से हमला कर विशाल यादव की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद बुधवार को मल्हनी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक लकी यादव मृतक के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद और न्याय का भरोसा दिलाया। इस दौरान विधायक ने शाेक में डूबे परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी सौंपा।
सपा विधायक लकी यादव ने कहा कि दुख की इस घड़ी में समाजवादी पार्टी और वह स्वयं पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि हत्या की घटना का पुलिस जांच कर रही है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
विधायक ने बताया कि मामले में दो नामजद आरोपिताें की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि वह पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर शेष आरोपिताें की गिरफ्तारी की मांग करेंगे, ताकि परिवार को न्याय मिल सके।
उन्हाेंने कुछ राजनीतिक विरोधियों पर घटना को लेकर राजनीति करने और उन्हें बदनाम करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई होगी।
उन्होंने बताया कि मृतक के परिवार के खिलाफ एनएचएआई की ओर से भी मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस मामले को लेकर भी संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी इस संबंध में बात करेंगे और संभव हुआ तो परिजनों की उनसे मुलाकात कराई जाएगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

