दूल्हा हत्याकांड में वीआईपी जिलाध्यक्ष को पुलिस ने हिरासत में लिया

WhatsApp Channel Join Now
दूल्हा हत्याकांड में वीआईपी जिलाध्यक्ष को पुलिस ने हिरासत में लिया


जौनपुर, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जाैनपुर जिले के बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड काे लेकर जारी धरने में मंगलवार को पहुंचे विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के जिलाध्यक्ष इंद्रजीत निषाद ने सौम्या बिंद और उनके समर्थकों के साथ आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान उन्होंने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। इस बीच पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि एक मई को बारात लेकर जा रहे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मृतक की बहन सौम्या बिंद और ग्रामीणों ने 18 जून से कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर रखा है।

अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुश श्रीवास्तव ने इस मामले में बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा बताया गया कि नेता के कारण कुछ अव्यवस्था हो रही है। इस कारण इनको हिरासत में लिया गया है। घटना क्रम को लेकर एहतियात जरूरी है। -----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story