बिजली संकट पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, सपा नेता विजय रावत ने दी धरने की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
बिजली संकट पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, सपा नेता विजय रावत ने दी धरने की चेतावनी


देवरिया, 02 अगस्त (हि.स.)। बरहज विधानसभा क्षेत्र के भलुअनी ब्लॉक स्थित पोखरभीड़ा गांव के चौहान टोले में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को समाजवादी पार्टी के नेता विजय रावत के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बिजली नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाकर अपनी नाराजगी जताई।

विजय रावत ने आरोप लगाया कि चौहान टोले के लोग पिछले कई वर्षों से बिजली की समस्या झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से क्षेत्र के लोग नियमित बिजली के लिए तरस रहे हैं, जबकि तीन वर्षों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की पीड़ा सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं और सरकार तथा बिजली विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

सपा नेता ने प्रदेश सरकार पर बिजली व्यवस्था को ध्वस्त करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश की जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से तत्काल समस्या का समाधान कराने की मांग की।

विजय रावत ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर चौहान टोले की बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो वह ग्रामीणों के साथ मौके पर धरना-प्रदर्शन करेंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में अमरनाथ यादव, विजय प्रताप चौहान, सुदर्शन चौहान, लक्ष्मण चौहान, पारसनाथ चौहान, सीताराम चौहान, बेचू चौहान, राजेंद्र चौहान, गुड्डू चौहान, श्रीकांत चौहान, नरेंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story