एमडीएम शेड में घटिया निर्माण पर ग्राम पंचायत अधिकारी निलम्बित

WhatsApp Channel Join Now
एमडीएम शेड में घटिया निर्माण पर ग्राम पंचायत अधिकारी निलम्बित


सीतापुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के परसेंडी विकासखंड की ग्राम पंचायत देना में मिड डे मील (एमडीएम) शेड के गुणवत्ताहीन निर्माण के मामले में शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम पंचायत अधिकारी हिमांशु दीक्षित को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है। यह कार्रवाई निर्माणाधीन शेड को ध्वस्त किए जाने के बाद की गई।

खंड विकास अधिकारी रजनीश शुक्ल के निर्देशन में, उच्चाधिकारियों के आदेश पर जेसीबी से एमडीएम शेड को गिराया गया। लघु सिंचाई अभियंता दीपक चौहान की जांच रिपोर्ट में निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं और घटिया सामग्री के उपयोग की पुष्टि हुई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई अभिलेखीय जांच में पाया गया कि 5,46,800 रुपये की लागत से बन रहे शेड में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई और पर्यवेक्षण में भी शिथिलता बरती गई।

निलम्बन आदेश में हिमांशु दीक्षित पर घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही, गो आश्रय स्थल योजना के क्रियान्वयन में उदासीनता भी उनके खिलाफ दर्ज की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

Share this story