देश में हर निर्णय संविधान के अनुसार लिया जाता है : असीम अरुण
-विकसित भारत युवा संसद में राज्यमंत्री असीम अरुण ने किया युवाओं का आह्वान
कन्नौज, 26 फरवरी (हि. स.)। युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ जनपद कन्नौज स्थित पी.एस.एम. डिग्री कॉलेज में गुरुवार को विकसित भारत युवा संसद 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने किया और बताया कि युवा संसद का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की गरिमा और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र वह व्यवस्था है जिसमें जनता अपने प्रतिनिधियों का चयन करती है और वे संविधान व कानून के दायरे में रहकर कार्य करते हैं। आज देश में हर निर्णय संविधान के अनुसार लिया जाता है और सभी नागरिक कानून की नजर में समान हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुंडागर्दी, अवैध कब्जा और मारपीट जैसी घटनाएं लोकतंत्र के खिलाफ हैं। कानून तोड़ने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण' का आह्वान
उन्होंने नई शिक्षा नीति पर जोर देते हुए युवाओं से समाज सेवा और वॉलंटियर कार्यों में आगे आने की अपील की। उन्हाेंने कहा कि आधुनिक तकनीक से पुनर्जीवित तीन तालाब छात्रों के लिए सीख हैं। उन्होंने युवाओं से ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कर योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने भी युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने लोकतंत्र, संविधान और विकसित भारत पर अपने विचार रखे।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

