विकसित भारत के लिए युवाओं को जागरूक करना जरूरी: बृजेश सिंह

WhatsApp Channel Join Now
विकसित भारत के लिए युवाओं को जागरूक करना जरूरी: बृजेश सिंह


विकसित भारत के लिए युवाओं को जागरूक करना जरूरी: बृजेश सिंह


जौनपुर, 01 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार (रज्जू भैया संस्थान) में कुलपति प्रो. वंदना सिंह के संरक्षकत्व में “विकसित भारत युवा संसद 2026” के अंतर्गत जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को किया गया। कार्यक्रम का विषय “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख”। प्रतियोगिता में जनपद के 150 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बृजेश सिंह सदस्य विधान परिषद, जौनपुर ने किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन प्रणाली नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक चेतना, स्वतंत्रता और उत्तरदायित्व का प्रतीक है। आपातकाल का दौर हमें संविधान की रक्षा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों के प्रति सजग रहने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती युवाओं के हाथ में है और विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब युवा जागरूक, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ बनेंगे। उन्होंने आगे कहा कि युवा संसद केवल वाद-विवाद का मंच नहीं, बल्कि तर्कसंगत संवाद, असहमति के सम्मान और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देने का माध्यम है। युवा शक्ति ही विकसित भारत की आधारशिला है।

कुलपति प्रो. वंदना सिंह का संदेश प्रो. मनोज मिश्र ने पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि युवा संसद युवाओं की बौद्धिक क्षमता, नेतृत्व कौशल और लोकतांत्रिक समझ को विकसित करने का सशक्त मंच है, जो उन्हें भविष्य में राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाता है।विशिष्ट अतिथि के रूप में नितीश पाण्डेय प्रदेश कार्य समिति सदस्य, भाजपा युवा मोर्चा एवं डॉ. पंकज कुमार जिला सूचना अधिकारी, भदोही उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं रूपरेखा नोडल अधिकारी डॉ. शशिकांत यादव ने प्रस्तुत की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उद्देश्य सिंह ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story