विजयनगर सब्जी मंडी से मरियमपुर चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण का हुआ शिलान्यास, 5.53 करोड़ होंगे खर्च

WhatsApp Channel Join Now
विजयनगर सब्जी मंडी से मरियमपुर चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण का हुआ शिलान्यास, 5.53 करोड़ होंगे खर्च


कानपुर, 15 जून (हि.स.)। जिले के विजयनगर सब्जी मंडी चौराहा से संत नगर चौराहा के निकट मरियमपुर चौराहे तक सड़क के चौड़ीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का सोमवार को भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया। करीब पांच करोड़ 53 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना का शुभारंभ सांसद रमेश अवस्थी और विधायक सुरेंद्र मैथानी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन कर किया।

इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं। यह सड़क परियोजना क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी। नई सड़क बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्य को तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाएगा।

भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि यह मार्ग हमारे क्षेत्र की लाइफलाइन है। सड़क के चौड़ीकरण और सुधारीकरण से जाम की समस्या दूर होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। हमारा लक्ष्य जनता के जीवन को सुगम और खुशहाल बनाना है।

विधायक ने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। सड़क संकरी होने के कारण क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे राहगीरों, स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को स्वीकृति दिलाई गई है।

कार्यक्रम में शैलेंद्र दीक्षित, दीपक सिंह, मंडल अध्यक्ष अजय राय, विजय पटेल, दीपक शुक्ला, विजय मिश्रा, अरुण शर्मा, पार्षद नीरज कुरील, आरती त्रिपाठी, पूनम कपूर, रंजीता पाठक, सरोज सिंह, सरिता साहनी, सुमन सक्सेना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story