बूथ अध्यक्ष से राज्यसभा प्रत्याशी तक पहुंचे विद्यासागर सोनकर

WhatsApp Channel Join Now
बूथ अध्यक्ष से राज्यसभा प्रत्याशी तक पहुंचे विद्यासागर सोनकर


जौनपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर से भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए घोषित आठ प्रत्याशियों में जौनपुर के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य विद्यासागर सोनकर को भी उम्मीदवार बनाया है। भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने सोमवार को प्रत्याशियों के नामों को मंजूरी दी। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होना है।

विद्यासागर सोनकर का राजनीतिक सफर बूथ स्तर से शुरू होकर विधानसभा परिषद और लोकसभा तक पहुंचा है। उनका जन्म 21 जुलाई 1961 को हुआ। इनका निवास स्थान शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के सुखीपुर में है। वह अधिवक्ता, कृषक तथा राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी जुड़े रहे हैं।सोनकर छात्र जीवन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े और वर्ष 1985 में भाजपा के बूथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद उन्होंने संगठन में विभिन्न पदों पर काम किया। वर्ष 1989 में जौनपुर नगरपालिका के सभासद निर्वाचित हुए। वर्ष 1996 में वह सैदपुर लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर सांसद चुने गए। इसके बाद पार्टी संगठन में जौनपुर जिलाध्यक्ष समेत कई जिम्मेदारियां निभाईं।

सोनकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। इसके अलावा प्रदेश संगठन में महामंत्री सहित विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2016 में उन्हें विधान परिषद सदस्य बनाया गया। 2009 के लोकसभा और 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन वह संगठन में सक्रिय रहे।2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की ओर से निकाली गई छह यात्राओं की जिम्मेदारी भी सोनकर को दी गई थी। संगठन में लंबे अनुभव और जमीनी स्तर पर सक्रियता के चलते पार्टी ने उन्हें अब राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। श्री सोनकर के उम्मीदवार बनाए जाने से जनपद में हर्ष का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story