प्रबंधन को विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल, नरही का पुन: कब्जा मिला, छात्राओं-अभिभावकों की जीत

WhatsApp Channel Join Now
प्रबंधन को विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल, नरही का पुन: कब्जा मिला, छात्राओं-अभिभावकों की जीत


लखनऊ, 10 जून (हि.स.)। राजधानी लखनऊ के विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल, नरही का भवन पुन: प्रबंधन को सौंप दिया गया। इसके पहले एडीएम (नगर पूर्वी) ने एक आदेश में विद्यालय भवन खाली करने के लिए कहा था और खाली भी हाे गया था। लेकिन शिक्षक संगठनों, प्रबंधन, छात्राओं और अभिभावकों के धरना प्रदर्शन के आगे एडीएम (नगर पूर्वी) ने आदेश वापस लिया और बुधवार को प्रबंधन को पूर्ववत विद्यालय भवन को कब्जा दिलाया गया। अब छात्राओं की पढाई बाधित नहीं होगी।

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रादेशिक उपाध्यक्ष डा.आर.पी.मिश्र एवं जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बुधवार काे बताया कि लखनऊ के एडीएम (नगर पूर्वी) ने पूर्व में जारी अपने आदेश काे स्थगित करने के साथ ही 08 जून को विद्या मंदिर गर्ल्स हाई स्कूल, नरही भवन को तत्काल खाली करा कर प्रबंधन काे साैंपने के आदेश दिए थे ताकि छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हाे। नेताओं ने बताया कि आदेश के बावजूद पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार असहयोग किया गया। पुलिस प्रशासन द्वारा पहले यह कहकर कब्जा नहीं दिलाया गया कि फोर्स के लिए निर्धारित शुल्क जमा किया जाना है जबकि शिक्षक संघ के नेताओं ने पुलिस से कहा था कि लखनऊ इंटर कॉलेज के प्रकरण में एसीएम के आदेश के बाद वहां का ताला स्वयं पुलिस ने खुलवाया था और कोई शुल्क जमा नहीं किया गया था।

शिक्षक नेताओं ने बताया कि बुधवार काे विद्यालय का ताला खुलवाने के लिए पहले पुलिस ने विद्यालय प्रबंधन को प्रातः 10 बजे का समय दिया था। इसी के चलते प्रादेशिक उपाध्यक्ष डा. आर.पी. मिश्र, जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा, विद्यालय की प्रबंधिका सहित प्रबंध समिति के पदाधिकारी/सदस्यगण तथा अभिभावक गण पहुंच गए थे किंतु टालते टालते लगभग 1:30 बजे पुलिस बल विद्यालय पहुंचा और उसके बाद ताला खुलवाकर कार्यवाही की गई। प्रादेशिक उपाध्यक्ष डा. आर.पी. मिश्र और जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि अब विद्यालय भवन में पहले की तरह प्रबंधन काबिज हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Share this story