जन्माष्टमी कार्यक्रम में लाेकगीत पर पुलिसकर्मी के नृत्य का वीडियो वायरल

WhatsApp Channel Join Now
जन्माष्टमी कार्यक्रम में लाेकगीत पर पुलिसकर्मी के नृत्य का वीडियो वायरल


जौनपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के पवारा थाना में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के कथित तौर पर आपत्तिजनक लोकगीत पर नृत्य करने का वीडियो इन दिनाें तेजी से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इससे पुलिस की छवि धूमिल हाे रही है। इस मामले में पुलिस अफसराें का कहना है कि विडियाे के जांच के बाद दाेषी पुलिस कमिर्याें पर कार्रवाई की जाएगी।

चार सितंबर को पवारा थाना में जन्माष्टमी के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में भक्ति गीतों के बजाय लोकगीत बजाए गए। इसी दौरान हेड मुहर्रिर राजेश यादव ने भी एक लाेकगीत गया, जिसमें एसआई जयप्रकाश यादव नृत्य करते नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम में कई पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय लोग भी मौजूद थे।उन सभी पुलिस कर्मियाें का किसी ने वीडियाे बनाकर साेशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

मंगलवार को कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। लोगों का कहना है कि धार्मिक पर्व पर थाना परिसर में कार्यक्रम आयोजित करना सामान्य बात है, लेकिन ऐसे आयोजनों में गीतों के चयन और पुलिसकर्मियों के आचरण में मर्यादा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। वर्दी में पुलिसकर्मी के इस तरह नृत्य करने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की छवि और विभागीय अनुशासन को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

इस संबंध में मछलीशहर के क्षेत्राधिकारी परमानंद कुशवाहा ने बताया कि वीडियो अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। वीडियो उपलब्ध होने के बाद मामले की जांच कराई जाएगी और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story