बिठूर में जीत जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम : शंकर लाल लोधी

WhatsApp Channel Join Now
बिठूर में जीत जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम : शंकर लाल लोधी


कानपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। बिठूर नगर पंचायत में भाजपा की जीत पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों, विकास के प्रति प्रतिबद्धता और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का नतीजा है। जनता ने भाजपा की विचारधारा और नेतृत्व पर भरोसा जताया है। यह बातें गुरुवार को भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी ने कही।

बिठूर नगर पंचायत के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी समरेंद्र सिंह राणा की जीत पर आज कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इस दौरान शंकर लाल लोधी ने कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनका उत्साह बढ़ाया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं के समर्पण, संगठन की रणनीति और जनता के समर्थन का प्रमाण है। उन्होंने समरेंद्र सिंह राणा को बधाई देते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और क्षेत्र के विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। भाजपा जनविश्वास को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाती रहेगी।

जीत की खुशी में क्षेत्रीय कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस दौरान क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, पवन प्रताप सिंह, वीरेंद्र तिवारी, संजय सिंह, पिछड़ा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोज राजपूत, संजय विश्वकर्मा, आशा पाल, विधि राजपाल और धर्मेंद्र सिंह फौजी समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761643 Articles

Share this story