कुलपति ने संकायाध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों के साथ की बैठक,शैक्षणिक गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए 30 सितंबर तक मांगे प्रस्ताव
जौनपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में शनिवार को कुलपति प्रो. आर.के. सिंह की अध्यक्षता में संकायाध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों की बैठक हुई। इसमें शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने और विभागों को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित करने पर चर्चा की गई।
कुलपति ने कहा कि नए एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए विभाग ठोस प्रस्ताव तैयार करें। पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों की रुचि, रोजगार की संभावनाओं और समाज की जरूरतों को ध्यान में रखा जाए। उन्होंने सभी विभागों को अपने प्रस्ताव 30 सितंबर तक विश्वविद्यालय प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कक्षा शिक्षण को अधिक रोचक और संवादपरक बनाने पर जोर दिया। कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों की रुचि जगाने वाले उदाहरणों, प्रश्नों और समसामयिक संदर्भों के माध्यम से कक्षा की शुरुआत करें, ताकि विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़े। स्मार्ट क्लासरूम और उपलब्ध तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी चर्चा हुई।
बैठक में विद्यार्थियों के कौशल विकास और व्यावहारिक प्रशिक्षण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। साइबर सिक्योरिटी सहित समसामयिक विषयों पर बाहरी विशेषज्ञों के माध्यम से कार्यशालाएं आयोजित करने की योजना पर विचार किया गया। खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानने के लिए विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया।
कुलपति ने एनआईआरएफ समेत विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक पहचान और रैंकिंग से जुड़े प्रयासों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पाठ्यक्रमों को समयानुकूल बनाने तथा विद्यार्थियों को नवीन ज्ञान से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने परिसर में कार्यरत सभी कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक और मानवीय व्यवहार करने तथा स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की। बैठक में कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, डीएसडब्ल्यू प्रो. प्रमोद यादव, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. मिथिलेश कुमार सिंह, प्रो. सौरभ पाल, प्रो. विनोद गुप्ता समेत विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

