विश्व हिन्दू परिषद् की कार्य योजना बैठक में आगामी अभियानों की तय हाेगी रणनीति : राजू पोरवाल

WhatsApp Channel Join Now
विश्व हिन्दू परिषद् की कार्य योजना बैठक में आगामी अभियानों की तय हाेगी रणनीति : राजू पोरवाल


कानपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) की दो दिवसीय प्रान्त कार्य योजना बैठक में संगठन के आगामी अभियानों, सेवा कार्यों और सामाजिक कार्यक्रमों की विस्तृत रणनीति तैयार की जाएगी। यह बातें शुक्रवार को विहिप कानपुर प्रान्त के प्रान्त मंत्री राजू पोरवाल ने कहीं।

विहिप कानपुर प्रान्त की दो दिवसीय प्रान्त कार्य योजना बैठक 25 और 26 जुलाई को जय नारायण विद्या मंदिर में आयोजित होगी। बैठक में प्रान्त के पदाधिकारी और कार्यकर्ता संगठन के आगामी कार्यक्रमों, सेवा गतिविधियों तथा विस्तार योजनाओं पर चर्चा कर आगे की कार्ययोजना को अंतिम रूप देंगे।

प्रान्त मंत्री राजू पोरवाल ने बताया कि इस वर्ष परम श्रद्धेय अशोक सिंघल की जन्मशती और संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर पूरे प्रान्त में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से दोनों महान विभूतियों के विचारों और संदेशों को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कार्यक्रमों को प्रान्त के प्रत्येक मोहल्ला स्तर तक ले जाने की योजना है। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा, आयोजन की तिथियां तथा विभिन्न दायित्वों का निर्धारण भी किया जाएगा, ताकि सभी अभियान तय समय के अनुसार संचालित किए जा सकें।

बैठक के दौरान संगठन विस्तार, सामाजिक समरसता, सेवा कार्यों को मजबूत बनाने के साथ-साथ युवाओं और महिलाओं की संगठनात्मक भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर भी विस्तृत मंथन होगा। इसके अलावा आगामी महीनों में चलाए जाने वाले विभिन्न अभियानों की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story