लखनऊ : विहिप ने गरबा-डांडिया आयोजनों में सुरक्षा और पहचान जांच के लिए पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ : विहिप ने गरबा-डांडिया आयोजनों में सुरक्षा और पहचान जांच के लिए पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन


लखनऊ, 10 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) अवध प्रांत और बजरंग दल की लखनऊ इकाई ने आगामी गरबा एवं डांडिया आयोजनों की सुरक्षा, अनुशासन और सांस्कृतिक मर्यादा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में संगठन ने पुलिस आयुक्त, लखनऊ को ज्ञापन सौंपकर आयोजनों के दौरान निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की।

विहिप पदाधिकारी समरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में कहा गया कि गरबा और डांडिया भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े आयोजन हैं। इनमें महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार, अभद्र व्यवहार और अशोभनीय गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आयोजकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। संगठन ने आपत्तिजनक गीतों पर रोक लगाने और कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

विहिप ने आयोजकों से प्रवेश एवं सहभागिता के लिए स्पष्ट और कानूनसम्मत नियम तय करने तथा प्रत्येक प्रतिभागी का पहचान पत्र जांचने की व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया है। ज्ञापन में आधार कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे पहचान पत्र अनिवार्य करने की मांग भी शामिल है।

संगठन ने पुलिस और प्रशासन से कार्यक्रमों की नियमित निगरानी करने तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, धार्मिक भावनाएं आहत करने या सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि आयोजनों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आयोजकों और प्रशासन के बीच समन्वय जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story