वेंडरों ने नगर निगम में किया विरोध, बिना सूचना दुकानें हटाने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
वेंडरों ने नगर निगम में किया विरोध, बिना सूचना दुकानें हटाने का आरोप


कानपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। शहर में रेहड़ी और ठेले लगाने वाले स्ट्रीट वेंडरों ने गुरुवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। स्ट्रीट वेंडरों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा बिना पूर्व सूचना दिए करीब 50 दुकानों को हटा दिया गया, जबकि ये सभी दुकानें नगर निगम में पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर थीं। विरोध कर रहे दुकानदारों ने इस कार्रवाई को मनमानी बताते हुए नगर आयुक्त से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

स्ट्रीट वेंडरों का कहना है कि नगर आयुक्त ने उनकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ज़ोनल सेनेटरी ऑफिसर (जेडएसओ) से मिलने के निर्देश दिए हैं। प्रदर्शन में शामिल दुकानदार सीमा सिंह ने बताया कि पिछले 30 से 40 वर्षों से वे और उनके परिवार इसी स्थान पर दुकान लगाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हटाई गई लगभग 50 दुकानें नगर निगम के अधिकृत स्ट्रीट वेंडर की हैं, जबकि कुछ अवैध ठेले और दुकानें अन्य लोगों द्वारा जबरन लगाई जाती हैं।

सीमा सिंह ने आरोप लगाया कि अवैध दुकानों के कारण अधिकृत स्ट्रीट वेंडरों को परेशान किया जा रहा है, जबकि अवैध अतिक्रमण हटाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। स्ट्रीट वेंडरों ने मांग की कि उन्हें पुनः दुकान लगाने की अनुमति दी जाए और अवैध दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायतों पर शीघ्र सुनवाई नहीं हुई, तो कानपुर के सभी स्ट्रीट वेंडर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story