वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम

WhatsApp Channel Join Now

फ्लावर डेकोरेशन का काम करता था युवक, मचा कोहराम

बांदा, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जसपुरा थाना क्षेत्र के सिकहुला और इसूली बार्डर पर तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दिया जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन समेत चालक मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। जाम काफी देर तक लगा रहा। सूचना पार मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर मामले को शांत कराया। तब यातायात बहाल हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार,चिल्ला थाना क्षेत्र के दोहतरा गांव निवासी 30 वर्षीय रवि कुमार सैनी पुत्र पप्पू सैनी हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे के इलाही तालाब के पास में रहकर फ्लावर डेकोरेशन का काम करता था। रविवार की दोपहर वह बाइक से अपने गांव दोहतरा जा रहा था। जैसे ही वह सिकहुला गांव के पास इसुली बॉर्डर पर पहुंचा ही था कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक मे टक्कर मार दिया। जिससे रवि गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची डॉयल 112 ने घायल युवक को उठाकर सीएचसी जसपुरा में भर्ती कराया।यहां चिकित्सकों ने देखने के बाद रवि को मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने घटनास्थल पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। सूचना पर थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम खुल सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। रवि दो भाइयों में छोटा था। वह परिवार की आर्थिक मदद के लिए मौदहा में रहकर फ्लावर डेकोरेशन का काम करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते सीएचसी पहुंच गए।

थाना प्रभारी राधाकृष्ण तिवारी ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767378 Articles

Share this story