परीक्षा खत्म होते ही घर जाने के पहले वेद छात्रों ने जमकर उड़ाये गुलाल

WhatsApp Channel Join Now
परीक्षा खत्म होते ही घर जाने के पहले वेद छात्रों ने जमकर उड़ाये गुलाल


-वाराणसी के प्रसिद्ध उद्योगपति ड्रोलिया परिवार ने वेद छात्रों के लिए भेजा हर्बल गुलाल

प्रयागराज, 01 मार्च (हि.स)। वार्षिक परीक्षा की टेंशन खत्म होते ही होली की छुट्टी पर घर जाने के पहले वेद छात्रों ने रविवार को जमकर गुलाल उड़ाये और एक दूसरे को होली की बधाई दी।

झूंसी स्थित परमानन्द आश्रम में श्री स्वामी नरोत्तमानन्द गिरि वेद विद्यालय के वेद छात्रों ने सबसे पहले श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर, गंगेश्वर महादेव, शारदेश्वर महादेव में भगवान को गुलाल अर्पित किया और पारम्परिक रूप से रंगोत्सव की शुरुआत की। इस अवसर पर वेद पाठशाला के सभी वेदाध्यापकों ने छात्रों को त्योहार के लिए बधाई एवं आशीर्वाद दिया।

विद्यालय के प्राचार्य ब्रजमोहन पांडेय ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी वाराणसी के प्रसिद्ध उद्योगपति ड्रोलिया परिवार ने आश्रम स्थित मंदिर एवं वेद छात्रों के लिए विशेष रूप से सुगंधित हर्बल गुलाल भेजा और अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सभी छात्रों को यह गुलाल वितरित किया गया।

वेद छात्रों ने इस दौरान अपने अध्यापकों को भी जमकर गुलाल लगाया और सहपाठियों के साथ खूब रंग खेला। आम तौर पर सफेद वस्त्रों में रहने वाले छात्रों में कोई ऐसा नहीं बचा, जिसके कपड़े साफ-सुथरे दिखाई दे रहे हों। छोटे-बड़े सभी वैदिक छात्र रंगों से सराबोर दिखे। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष स्वामी विद्याधीशानन्द गिरि जी महाराज एवं उपाध्यक्ष स्वामी शरद पुरी जी महाराज ने सभी को रंगों के पावन पर्व की शुभकामनाएं व आशीर्वाद दिया और पारम्परिक मिष्ठान गुझिया, रसगुल्ला, क्रीम पेस्ट्री वितरित कराया। इस दौरान संस्था के सभी छात्र, अध्यापकगण, आश्रमवासी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story