कन्या भ्रूण हत्या करने वाले लोग भी नवरात्र में कन्या पूजन करते है : साध्वी गीताम्बा तीर्थ



वाराणसी,18 मार्च (हि.स.)। साध्वी गीताम्बा तीर्थ ने कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए शनिवार को बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भ्रूण की हत्या करोगे तो नवरात्र में कन्या पूजन कैसे होगा। साध्वी डाफी स्थित एक वाटिका में चल रहे देवी भागवत कथा के आठवें दिन लोगों को सामाजिक बुराईयों से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहीं थीं।

साध्वी गीताम्बा तीर्थ ने कहा कि जिस तरह से समाज में कन्या भ्रूण हत्या हो रही है उसको देखते हुए वह दिन दूर नहीं जब नवरात्र में कन्या पूजन करने के लिए बेटियां नहीं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि बड़े आश्चर्य की बात है और दुख भी होता है कि कन्या भ्रूण हत्या करने वाले लोग भी नवरात्रि में कन्या पूजन करके मां दुर्गा से सुख समृद्धि की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि देवी भागवत में साफ लिखा है कि कन्या भ्रूण हत्या करने वालों के घर में सुख शांति कभी नहीं रहती। उन्होंने कहा कि इस सृष्टि की रचयिता आदि शक्ति मां दुर्गा हैं। इन्हीं से यह चराचर जगत चल रहा है। जब देवता भी हार जाते हैं तो वे जगदंबा के शरण में जाते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम एवं श्री कृष्ण जब संकट में थे तो उन्होंने और उनके परिवार ने आदिशक्ति भगवती का पारायण किया था। उसके बाद ही उनकी विपत्ति दूर हुई थी। उन्होंने कहा कि श्री आदिशक्ति मां दुर्गा शक्ति, ऐश्वर्य और सुख को प्रदान करने वाली देवी हैं। वहीं कष्टों को दूर कर सुख प्रदान करती हैं। कथा के अंत में भागवत पोथी की आरती कर भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story