वन महोत्सव सप्ताह का शुभारंभ, जिलाधिकारी ने महोगनी का किया पौधरोपण
हमीरपुर में इस वर्ष 73,21 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
हमीरपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत एक पेड़ माँ के नाम अभियान का शुभारंभ बुधवार काे कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया। पौधरोपण महाअभियान-2026 समिति के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने महोगनी का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अरविन्द कुमार ने अशोक का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रिजवाना शहीद, अतिरिक्त उप जिलाधिकारी पैगाम हैदर, अतिरिक्त उप जिलाधिकारी विकास यादव, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, क्षेत्रीय वनाधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में हरित क्षेत्र बढ़ाना समय की आवश्यकता है। वर्तमान में हमीरपुर का वनाच्छादन मात्र 5.79 प्रतिशत है, जबकि स्वस्थ एवं संतुलित पर्यावरण के लिए वन क्षेत्र में पर्याप्त वृद्धि आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं।
उन्होंने जनपदवासियों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि इस मानसून सीजन में प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा एक पेड़ माँ के नाम अभियान से जुड़कर उसकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करे, ताकि लगाया गया पौधा भविष्य में एक विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण एवं मानव जीवन के लिए उपयोगी सिद्ध हो सके। प्रभागीय वनाधिकारी अरविन्द कुमार ने बताया कि पौधरोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत जनपद हमीरपुर में 73 लाख 21 हजार 300 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के तहत विभिन्न विभागों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं आमजन के सहयोग से व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण एवं संवर्धन को भी सुनिश्चित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

