मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने मुस्तफा मस्जिद कमेटी से मांगे वैध दस्तावेज और स्वीकृत मानचित्र

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने मुस्तफा मस्जिद कमेटी से मांगे वैध दस्तावेज और स्वीकृत मानचित्र


मुरादाबाद, 11 सितम्बर (हि.स.)। दिल्ली रोड पर टीएमयू के पास स्थित मुस्तफा मस्जिद के निर्माण को लेकर मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने मस्जिद कमेटी से वैध दस्तावेज और स्वीकृत मानचित्र मांगा है। इस संबंध में तीन दिन पूर्व प्राधिकरण ने कमेटी को नोटिस जारी किया था।

मुरादाबाद विश्वास प्राधिकरण (एमडीए) ने 8 अगस्त को पहला नोटिस जारी कर 3 सितंबर को संबंधित अभिलेखों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए थे। तय तारीख पर मस्जिद प्रबंधन की ओर से जीशान जब्बार और उनके अधिवक्ता प्राधिकरण पहुंचे। उन्होंने दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त समय मांगा।

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज वर्मा ने बताया कि मस्जिद कमेटी के अनुरोध स्वीकार करते हुए अगली तारीख 25 सितंबर तय की है। अब कमेटी को इस दिन मस्जिद के निर्माण से जुड़े कागजात और स्वीकृत नक्शा प्राधिकरण के समक्ष पेश करना होगा। एमडीए सचिव पंकज वर्मा के अनुसार कमेटी से फिलहाल निर्माण संबंधी दस्तावेज और स्वीकृत मानचित्र मांगा गया है।

वहीं, मस्जिद कमेटी के जीशान जब्बार का कहना है कि 40 साल पहले मरहूम फरीद जब्बार ने इसका निर्माण कराया था। यह निर्माण पूरी तरह निजी जमीन पर है। प्राधिकरण में चल रहे मामले में मरहूम फरीद जब्बार का परिवार कानूनी रूप से अपनी बात रख रहा है। न्याय की पूरी उम्मीद है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story