उत्तर प्रदेश भर रहा विकास की नई उड़ान : सीताराम वर्मा

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश भर रहा विकास की नई उड़ान : सीताराम वर्मा


सुल्तानपुर, 28 मार्च (हि.स.)। डबल इंजन सरकार के 8 वर्ष 'संकल्प से सिद्धि के रहे हैं। इन 8 वर्षों में अहर्निश प्रयासों से अंत्योदय से सर्वोदय तक, स्वास्थ्य से शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर से इंडस्ट्री, कृषि से कामर्स और रोजगार तक के संकल्प के साथ विकसित उत्तर प्रदेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उ.प्र. विकास की नई उड़ान भर रहा है। यह बातें लंभुआ विधायक सीताराम वर्मा ने शुक्रवार को सरकार व लंभुआ विधानसभा की उपलब्धियां गिनाते हुए पत्रकार वार्ता के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने आपदा को अवसर में बदला है। उन्होंने विधानसभा की तमाम उपलब्धियां गिनाते हुए कहा लंभुआ में नगर पंचायत और शिवगढ़ में थाना एवं विकास खंड खुलवाया।लंभुआ व पीपी कमैचा ब्लॉक में दो कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय को उच्चीकृत कराया गया। अब यहां 12 तक कक्षाएं संचालित होगी।

उन्होंने कहा जल्द ही कटसारी पीपा पुल पर पक्के पुल का निर्माण कराया जाएगा। 4 करोड़ 92 लाख की लागत से जमखुरी में ग्राम स्टेडियम का निर्माण।199 गरीब मरीजों की मुख्यमंत्री राहत कोष से 3 करोड़ 25 लाख रुपए की मदद कराई गई। क्षत्रिय समाज के पूर्वज बाबा बरियारशाह के मंदिर के लिए 98 लाख, जनवारीनाथ धाम के सौंदर्यीकर के लिए 99 लाख रुपए की शासन से स्वीकृत कराई गई। लंभुआ तहसील में बार एसोसिएशन सभागार, 7 ओपन जिम, 642 सोलर लाइट,56 हाई मास्ट लाइट लगाने का काम पूर्ण/प्रगति पर है। उन्होंने बताया विधानसभा में 492 किलोमीटर सड़क का नवीनीकरण कराया गया है। इसके अलावा उन्होंने विद्युत व जल जीवन मिशन के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया विद्युत विभाग द्वारा 11415 नये विद्युत पोल,375 किमी जर्जर तार बदलने व 225 किमी नई एचटी लाइन का काम व 15385 लोगों को नए कनेक्शन दिलाए गए।उन्होंने बताया किसान सम्मान निधि में 97238 किसानों को 52 करोड़ से अधिक का भुगतान हुआ। 8672 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास, 1625 को मुख्यमंत्री आवास,11348 लाभार्थी को शौचालय, 213 सामुदायिक शौचालय,74 नए पंचायत घरों व‌ 90 आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कराया गया।

उन्होंने कहा हमने लंभुआ विधानसभा में विकास की नई गाथा लिखी है।हमने लंभुआ विधानसभा का चौतरफा विकास किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है। अगर हमें भ्रष्टाचार की शिकायत मिलेंगी तों हम विधायकों के साथ मामले को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा अगले महीने से हमारे और गठबंधन पार्टियों के पदाधिकारी अधिकारियों के साथ बैठकर शिकायतों का त्वरित समाधान कराएंगे। इस मौके पर सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक रामचन्द्र मिश्रा, भाजपा प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अरुण जायसवाल, भदैंया प्रमुख राजेन्द्र वर्मा, लंभुआ प्रमुख डॉ कुंवर बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्ता

Share this story

News Hub