रोटरी क्लब ने बच्चियों को बांटी उपयोगी सामग्री
गोरखपुर, 22 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के पावन और आध्यात्मिक वातावरण में, जब संपूर्ण देश माँ शक्ति की आराधना में लीन है। समाजसेवा की भावना को साकार करते हुए रोटरी क्लब गोरखपुर द्वारा रविवार को नवीन मानसिक मंदित महिला आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र, नॉर्मल स्कूल परिसर, गोरखपुर में 21 कन्याओँ के लिए सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आश्रय गृह में निवासरत मानसिक मंदित बालिकाओं को उनके दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए वस्त्र, स्वच्छता सामग्री, उपयोगी सामान एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं ससम्मान वितरित की गईं। सामग्री वितरण के दौरान बच्चियों के चेहरे पर जो संतोष, आत्मीयता और मुस्कान झलकी, वह इस सेवा कार्य की सबसे बड़ी सफलता बनकर उभरी। यह दृश्य न केवल भावुक करने वाला था, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराता रहा।
इस सेवा कार्य का नेतृत्व रोटरी क्लब गोरखपुर के अध्यक्ष रोट. सतीश राय ने किया। उनके मार्गदर्शन में क्लब के सदस्यों ने मिलकर इस कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ रोटेरियन रोट. दिनेश चंद्र अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा, जिनके योगदान के प्रति क्लब ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्यगण कार्यक्रम निदेशक दिनेश चंद्र अग्रवाल, रोट. प्रवीर आर्या,कोषाध्यक्ष रोट. संजीव अग्रवाल, सामुदायिक सेवा निदेशक रोट. आलोक अग्रवाल एवं सचिव रोट. संचित श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
क्लब के अध्यक्ष रोट. सतीश राय ने बताया कि नारी शक्ति को समर्पित इस सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बालिकाओं को सहयोग प्रदान करना एवं समाज में सेवा और संवेदना का संदेश देना रहा।
अंत में क्लब के पदाधिकारियों ने समाज के सभी लोगों से ऐसे सेवा कार्यों में सहभागिता निभाने की अपील की, जिससे जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जा सके। यह आयोजन सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का संतुलित एवं प्रेरणादायक उदाहरण रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

