फर्जी शादी के नाम पर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपित गिरफ्तार
गोरखपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। थाना चिलुआताल पुलिस ने शादी का झांसा देकर अंतरराज्यीय लोगों को बुलाकर फर्जी विवाह कराने और खुद को पुलिस अधिकारी बताकर बंधक बनाकर रंगदारी वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 अभियुक्तों व 1 अभियुक्ता सहित कुल 7 आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1,66,600 रुपये नकद, 2 कूटरचित पुलिस परिचय पत्र तथा 2 आधार कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में अंकुर सिंह, राजू शर्मा, धीरेन्द्र यादव उर्फ टुनटुन, रवि चौधरी, मुन्ना जायसवाल, नवमी शर्मा तथा अभियुक्ता शैला देवी शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना चिलुआताल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ऐसे करते थे ठगी का खेल
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पहले अन्य राज्यों के लोगों को लड़की की फोटो भेजकर शादी का झांसा देते थे। इसके बाद उन्हें गोरखपुर बुलाकर एक तय स्थान पर फर्जी शादी कराई जाती थी। इसी दौरान गिरोह के कुछ सदस्य खुद को पुलिस अधिकारी या कर्मचारी बताकर मौके पर पहुंचते थे और पीड़ितों को बंधक बना लेते थे।
आरोपी पीड़ितों को झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर उनसे मोटी रकम वसूलते थे। इसी तरह एक मामले में राजस्थान के कोटा सिटी निवासी पीड़ित से 3,11,600 रुपये की रंगदारी वसूली गई थी। इस संबंध में थाना अनन्तपुरा (कोटा) में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला गोरखपुर स्थानांतरित हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।
मुख्य सरगना पर कई गंभीर मुकदमे दर्ज
गिरफ्तार अभियुक्त अंकुर सिंह पर हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है, जिससे स्पष्ट होता है कि यह गिरोह संगठित तरीके से लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था।
पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सूरज सिंह के साथ उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, चंदन नारायण, विनय कुमार सिंह, राकी जायसवाल, विकास यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि विवाह जैसे मामलों में किसी अनजान व्यक्ति या एजेंट के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

