संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक जगदीश प्रसाद गुप्त की पत्नी उर्मिला देवी का निधन, शोक की लहर

WhatsApp Channel Join Now
संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक जगदीश प्रसाद गुप्त की पत्नी उर्मिला देवी का निधन, शोक की लहर


गोरखपुर, 20 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक एवं प्रख्यात समाजसेवी नाना साहेब देशमुख के निकट सहयोगी तथा संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक जगदीश प्रसाद गुप्त की धर्मपत्नी उर्मिला देवी का बुधवार को निधन हो गया। वह 90 वर्ष की थीं। उनके निधन का समाचार मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों एवं सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई।

उर्मिला देवी ने बुधवार दोपहर लगभग 3 बजे कोतवाली रोड स्थित चित्रकूट मंदिर के बगल, माया बाजार स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से परिवार एवं समाज में सादगी, संस्कार और धार्मिक प्रवृत्ति के लिए जानी जाती थीं। उनके निधन से परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंची है।

परिवार के अनुसार उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को प्रातः 7 बजे राजघाट स्थित सहारा बैकुंठधाम अंत्येष्टि स्थल पर किया जाएगा। अंतिम यात्रा उनके आवास से प्रस्थान करेगी, जिसमें बड़ी संख्या में परिजन, संघ कार्यकर्ता, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे।

स्वर्गीय उर्मिला देवी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिवार में पांच पुत्र एवं चार पुत्रियां हैं। उनके पुत्र वीरेंद्र गुप्त ने यह जानकारी देते हुए बताया कि माताजी का जीवन धार्मिक, सेवा भाव एवं पारिवारिक मूल्यों के प्रति समर्पित रहा।

उनके निधन पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story