भ्रष्टाचार मामले में परिवहन विभाग प्रयागराज के यात्री मालकर अधिकारी रणवीर सिंह चौहान निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
भ्रष्टाचार मामले में परिवहन विभाग प्रयागराज के यात्री मालकर अधिकारी रणवीर सिंह चौहान निलंबित


- प्रवर्तन वाहन में निजी व्यक्ति के कैश गिनने के मामले में की गई कार्यवाही

लखनऊ, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रयागराज के यात्री/मालकर अधिकारी रणवीर सिंह चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के निर्देश पर परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने बुधवार को उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999 के तहत अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की है।

परिवहन आयुक्त के मुताबिक, उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) कानपुर की ओर से दी गई रिपोर्ट में प्रयागराज के प्रवर्तन दल के वाहन में एक निजी व्यक्ति के नोट गिनते हुए दिखाई देने की जानकारी दी गई। रिपोर्ट के अनुसार, प्रवर्तन वाहन में निजी व्यक्ति कैश गिन रहा था, जबकि यात्री/मालकर अधिकारी और प्रवर्तन स्टाफ मौके पर मौजूद नहीं दिखे। विभाग ने इस कृत्य को आपत्तिजनक मानते हुए रणवीर सिंह चौहान को प्रथम दृष्टया जिम्मेदार माना है।

विभाग के अनुसार, उक्त निजी व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान निजी व्यक्ति के माध्यम से अवैध वसूली किए जाने की स्थिति सामने आई है। विभाग ने माना कि इससे अधिकारी के अपने स्टाफ पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं और विभाग की छवि प्रभावित हुई है।

निलंबन अवधि में चौहान परिवहन आयुक्त कार्यालय, मुख्यालय से संबद्ध रहेंगे। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता तथा अर्ध औसत वेतन/अर्ध वेतन पर देय अवकाश के बराबर धनराशि और उस पर देय महंगाई भत्ता मिलेगा।

अनुशासनिक जांच के लिए उप परिवहन आयुक्त (नगर परिवहन), उत्तर प्रदेश वीके सिंह को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें एक माह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story