राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट का हुआ एमओयू, स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट का हुआ एमओयू, स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा


लखनऊ, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ( यूपीएसआरएलएम) एवं टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट ( टीपीसीडीटी ) के मध्य राज्य मिशन कार्यालय, लखनऊ में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए स्थायी आजीविका एवं उद्यमिता के अवसर विकसित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

उप मुख्यमंत्री शव प्रसाद मौर्य ने कहा किविकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए उत्तर प्रदेश को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित उत्तर प्रदेश बनाना होगा और इसके लिए हम दिन-रात मेहनत करेंगे। गाँवों का विकास ही प्रदेश और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का सृजन, महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाना तथा स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करना है। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार की आय बढ़ाना तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें लखपति दीदी के रूप में स्थापित करना है।

इस साझेदारी के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में मिलेट कैफे, एग्रो-प्रोसेसिंग आधारित इकाइयों तथा अन्य महिला नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यम स्थापित किए जाएंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार एवं आय बढ़ाने के नए अवसर उपलब्ध होंगे तथा स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलेगा। इससे महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को नई पहचान मिलेगी, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा आत्मनिर्भर गाँव और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को नई गति प्राप्त होगी।

टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन एवं मुख्य मानव संसाधन, सीएसआर एवं सस्टेनेबिलिटी अधिकारी हिमल तिवारी ने कहा कि यह साझेदारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को नई गति प्रदान करेगी।

कार्यक्रम में अपर मिशन निदेशक जयंत यादव, संयुक्त मिशन निदेशक चंद्रशेखर, राज्य परियोजना प्रबंधक आचार्य शेखर, मिशन मैनेजर नवीन शर्मा सहित उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के वरिष्ठ अधिकारी के साथ टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट की ओर से चेयरमैन एवं मुख्य मानव संसाधन, सीएसआर एवं सस्टेनेबिलिटी अधिकारी हिमल तिवारी, मुख्य सामुदायिक प्रभाव (सीएसआर) पंकज सिंह, गीतांजलि त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story