यूपी सिडको एमडी संजीव सिंह ने की बड़ी कार्रवाई : एसआरएन अस्पताल में निर्माण में देरी पर आरसीबी इन्फ़्राकॉन्स प्रा. लि. का अनुबन्ध निरस्त

WhatsApp Channel Join Now
यूपी सिडको एमडी संजीव सिंह ने की बड़ी कार्रवाई : एसआरएन अस्पताल में निर्माण में देरी पर आरसीबी इन्फ़्राकॉन्स प्रा. लि. का अनुबन्ध निरस्त


-फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पंजीकरण के मामले में सभी फर्मों चिन्हांकन के लिए रजिस्ट्रेशन ऑडिट के निर्देश जारी

लखनऊ , 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की कार्यदायी संस्था यूपी सिडको ने प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय परिसर (एसआरएन) में निर्माणाधीन बाल चिकित्सालय के निर्माण में गड़बड़ी और समय से निर्माण कार्य पूर्ण ना करने पर आरसीबी इन्फ़्राकॉन्स प्रा. लि. का अनुबन्ध निरस्त कर दिया है। साथ ही आरसीबी इन्फ़्राकॉन्स की 55 लाख बैंक गारंटी भी जब्त कर ली है। इसके अलावा अग्रिम भुगतान की वसूली के आदेश साथ ही फर्म डायरेक्टर के विरुद्ध दर्ज मुकदमों को छुपाकर पंजीकरण कराने पर 05 साल के लिए आरसीबी इन्फ़्राकॉन्स को ब्लैक लिस्ट भी कर दिया है। पंजीकरण के प्रभारी मुख्य अभियंता केजी दूबे से पंजीकरण का कार्य तत्काल हटाया गया है।

कार्यदायी संस्था सिडको के एमडी संजीव सिंह ने बताया ऐसी तमाम शिकायतों के दृष्टिगत बड़े पैमाने पर फर्मों का रजिट्रेशन ऑडिट कराया जा रहा है, कूटरचित दस्तावेज़ों को आधार बनाकर एवं आपराधिक मुकदमों का तथ्य गोपन कर पंजीकरण कराने वाली सभी फर्मों को चिन्हित कराया जा रहा है । ऐसे सभी पंजीकरण रद्द करते हुए ब्लैकलिस्टिंग की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में चल रहे निर्माण कार्यों को समयबद्ध रूप में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए । समयबद्धता एवं गुणवत्ता की अनदेखी करने वाली फर्मों और अभियंताओं पर कार्यवाही की जाएगी।

डीसीयू पैटर्न पर चिकित्सालय निर्माण के कार्य को समयबद्ध पूर्ण कराने के निर्देश जारी किये गये हैं। इसी प्रकार मौजूदा मुख्य अभियंता (पूर्व) अरविन्द कुमार निर्मल को प्रयागराज में रहकर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गये हैं, जबकि केजी दूबे तत्कालीन मुख्य अभियंता (पूर्व) के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ की जा रही है। राजेश चौधरी तत्कालीन अधीक्षण अभियंता प्रयागराज, मनीष श्रीवास्तव अधिशासी अभियंता प्रयागराज( प्रतिनियुक्ति )और धर्म शंकर सहायक अभियंता ( प्रतिनियुक्ति)के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की संस्तुति की गयी है। इसी प्रकार पंकज चोपड़ा तत्कालीन अधीक्षण अभियंता प्रयागराज/ मुख्य अभियंता मुख्यालय (सेवानिवृत्त) के विरुद्ध विधिक कार्यवाही के निर्देश दिये गये हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story