उत्तर प्रदेश के 156 केन्द्रों पर मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 14 मई से

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश के 156 केन्द्रों पर मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 14 मई से


-चार कारागारों को भी बनाया गया परीक्षा केन्द्र

-तीन पालियों में 65 हजार परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

प्रयागराज, 12 मई (हि.स)। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज के सत्र जून 2026 की परीक्षाएं प्रदेश के 156 केंद्रों पर 14 मई से प्रारम्भ हो रही हैं। इन परीक्षा केन्द्रों में 4 जिला एवं केंद्रीय कारागार भी शामिल हैं। परीक्षा में लगभग 65 हजार परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

यह जानकारी मंगलवार को परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर जी के द्विवेदी ने देते हुए बताया कि परीक्षाएं 3 जून तक संचालित की जाएंगी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए वेबसाइट पर समय सारणी अपलोड की गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षाएं 3 पालियों में प्रातः 7 से 10, 11 से 2 तथा 3 से 6 बजे तक आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि सभी विषयों के परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र परीक्षा की तिथि एवं समय विवरण के साथ ऑनलाइन कर दिए गए हैं। जिन्हें डाउनलोड कर परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।

परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति ने राज्य सरकार द्वारा निर्गत दिशा निर्देशों एवं विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित मानकों के अनुपालन में प्राप्त आवेदन पत्र पर सम्यक विचारोपरांत सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में 156 परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण किया है। जिनमें सबसे अधिक 26 परीक्षा केंद्र प्रयागराज क्षेत्र में बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त गोरखपुर रीजन में 21, वाराणसी रीजन में 24, अयोध्या रीजन में 18, लखनऊ रीजन में 11, बलिया रीजन में 14, कानपुर रीजन में 8, आगरा रीजन में 9, झांसी रीजन में 9, मेरठ रीजन में 5, गाजियाबाद रीजन में 4 तथा बरेली रीजन में 3 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। विश्वविद्यालय जेल बंदियों की शिक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है। इस बार पूरे प्रदेश में 4 जिला एवं केंद्रीय कारागारों गोरखपुर, बरेली, बस्ती और फतेहगढ़, फर्रूखाबाद केंद्रीय कारागार में जेल बंदियों को परीक्षा दिलाई जाएगी।

कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने मंगलवार को परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में परीक्षा को पारदर्शिता पूर्ण ढंग से सकुशल सम्पन्न कराने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पूरे प्रदेश में नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए उड़ाका दल एवं पर्यवेक्षक दल का गठन किया गया है। गर्मी में प्रदेश में किसी भी केंद्र पर किसी भी परीक्षार्थी को कोई परेशानी न हो, इसके लिए शीतल जल एवं हवादार कमरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

जनसंपर्क अधिकारी डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र ने बताया कि परीक्षार्थियों की समस्या के त्वरित समाधान के लिए परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में क्षेत्रीय केंद्र वार सहायता पटल स्थापित किया गया है। जहां परीक्षार्थियों की विभिन्न प्रकार की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। परीक्षा नियंत्रक के पर्यवेक्षण में परीक्षा विभाग की टीम पूरी तरह मुस्तैद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story