इविवि में प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित विद्यार्थी हुए सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
इविवि में प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित विद्यार्थी हुए सम्मानित


इविवि में प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित विद्यार्थी हुए सम्मानित


--कुलपति ने विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत

प्रयागराज, 10 अप्रैल (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शुक्रवार को देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में हाल ही में चयनित पुराछात्रों और विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सीनेट परिसर के प्रो. ईश्वर टोपा सभागार में कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। यूनिवर्सिटी ऑफ इलाहाबाद एलुमिनाई एसोसिएशन की ओर से भारतीय प्रशासनिक सेवा 2025, उत्तर प्रदेश प्रांतीय सिविल सेवा (यूपीपीसीएस)-2024 और राज्यों की न्यायिक सेवाओं में प्रथम आने वाले पुराछात्रों को स्मृति चिह्न और डायरी भेंट की गई।

इस मौके पर कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने कहा कि चयनित पुराछात्रों ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय का पुराना गौरव वापस लौटाया है। आज सभी ने हमारा सिर गर्व से ऊंचा किया है। पिछले कुछ वर्षों में विश्वविद्यालय में अच्छे शिक्षक आए हैं, जिन्होंने केवल शिक्षण कार्य पर अपना ध्यान केंद्रित किया है। यूपीपीसीएस में 70 विद्यार्थियों का चयन गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि अब किताबी ज्ञान के अलावा जीवन की असल समस्याओं से आपका सामना होगा। जब सब आराम कर रहे थे, तब आप संघर्ष कर रहे थे, इसी कारण आप सफल हुए हैं। जीवन के भटकाव भरे क्षणों से निकलकर ही आप सफलता की सीढ़ी चढ़े हैं। आपकी सफलता से सबसे ज्यादा खुशी आपके माता-पिता और शिक्षकों को होती है। उन्होंने कहा कि असफलता के बाद ही सफलता आती है, जो लोग असफलता से सीखकर स्वयं को मजबूत कर लेते हैं, वे आगे बढ़ जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि अपना समय मत व्यर्थ करें। जो आज आप कर रहे हैं, वह आपके कल का निर्माण करेगा। निंदकों को अपना दोस्त मानकर उन्हें स्वयं से जोड़े रखें, वे आपको आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

कुलपति ने कहा कि मेरे आदर्श वे बालिकाएं और छात्राएं हैं जो आज आईएएस जैसे अहम पदों पर चयनित हुईं हैं। उन्होंने चयनित पुराछात्रों को सलाह दी कि समाज को सकारात्मकता की अधिक जरूरत है, सदैव सकारात्मक बने रहें। आप लोग नाम और प्रतिष्ठा अर्जित करने के लिए जीवन पर्यंत कार्य करें। सदैव स्वयं में देश प्रेम की अलख जगाए रखें।

कुलसचिव प्रो. आशीष खरे ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय का गौरव वापस लौटा है। पिछले पांच वर्षों में इविवि ने सबसे तेज प्रगति की है। पुराछात्रों ने अल्प समय में आकर आज के कार्यक्रम को सफल बनाया है, उन्हें भी धन्यवाद। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित विद्यार्थी अपने इविवि के छात्रों का सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे।

इससे पूर्व यूनिवर्सिटी ऑफ इलाहाबाद एलुमिनाई एसोसिएशन के सचिव प्रो. कुमार बीरेंद्र ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि कुलपति की प्रेरणा से यह कार्यक्रम संभव हो सका है। यूपीपीसीएस-2024 में हमारे विश्वविद्यालय के 70 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। यह प्रयास अपने एलुमिनाई को विश्वविद्यालय से जोड़े रखने के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इसी बरगद की छत्रछाया में पढ़कर विद्यार्थियों ने अन्य राज्यों की प्रशासनिक सेवाओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। अब ‘बरगद की टहनियों’ का विस्तार बड़ी तेजी से हो रहा है। इविवि के विद्यार्थी जहां भी जाएंगे एक कुशल नागरिक के तौर अपनी प्रतिभा बिखेरेंगे।

कार्यक्रम में आईएफएस साक्षी सक्सेना ने कहा कि अपने विश्वविद्यालय में सम्मान प्राप्त करना गर्व की बात है। हम विश्वविद्यालय से जो भी सीखकर निकले हैं, उसी के अनुसार समाज में अपना पूरा योगदान देंगे। वहीं, आईपीएस अनिंद्य पाण्डेय ने कहा कि विश्वविद्यालय से हमारा पुराना जुड़ाव रहा है। इविवि ने केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण व्यक्तित्व के विकास में योगदान दिया है। बेहतर नागरिक बनने में इविवि का योगदान अहम है। आईएएस श्रुति ओला ने कहा कि यहां आकर विद्यार्थी स्वयं ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लग जाता है, यहां जो माहौल हमें मिलता है उससे प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सलाह दी कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान संयम बरतें। डिप्टी कलेक्टर चयनित आयुष पांडे ने अन्य प्रतियोगी छात्रों को सलाह दी कि आप अपनी यात्रा में निरंतरता बनाए रखें। डिप्टी एसपी विमलेश कुमार ने कहा इस विश्वविद्यालय ने मुझे धैर्य बनाए रखने की सीख दी, जिसने मुझे आज इस मुकाम तक पहुंचाया है। उन्होंने सलाह दी कि धैर्य रखिए, नंबरों के पीछे मत भागें, सफलता जरूर मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story