यूपीएमआरसी प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण में निभा रहा महत्वपूर्ण भूमिका : सुशील कुमार

WhatsApp Channel Join Now
यूपीएमआरसी प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण में निभा रहा महत्वपूर्ण भूमिका : सुशील कुमार


कानपुर, 16 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद के उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) ने मेट्रो स्टाफ के साथ गुरूदेव चौराहा स्थित मेट्रो डिपो में 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया। इस मौके पर मोतीझील मेट्रो स्टेशन पर रक्तदान शिविर और बड़ा चौराहा स्टेशन पर संगीत संध्या का भी आयोजन किया गया।

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि, यूपीएमआरसी प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस वर्ष मोतीझील से कानपुर सेंट्रल तक यात्री सेवा का विस्तार हुआ, जिससे नागरिकों को सुगम, तेज और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिला है।

प्रबंध निदेशक ने कहा कि शहरवासी अब मेट्रो को एक विश्वसनीय परिवहन विकल्प के रूप में अपना रहे हैं। यूपीएमआरसी पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश के शहरों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हम भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ देश की प्रगति में अपना योगदान देते रहेंगे।

बड़ा चौराहा स्टेशन पर 15 से 17 अगस्त तक संगीत संध्या का आयोजन

कानपुर मेट्रो गोल्डेन क्लब के सहयोग से 15 से 17 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 4ः30 बजे से बड़ा चौराहा स्टेशन पर संगीत संध्या का आयोजन कर रहा है। इस मौके पर कानपुर के नवोदित कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। बड़ों के साथ-साथ नन्हे कलाकारों ने भी इस अवसर पर खूब तालियां बटोरीं और माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। ‘‘तेरी मिट्टी मे मिल जावां‘‘, ‘‘संदेशे आते हैं‘‘, ‘‘छोड़ो कल की बातें'' जैसे गीतों को यात्रियों द्वारा विशेष रूप से पसंद किया गया।

रक्तदान शिविर का आयोजन

कानपुर मेट्रो ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर संकल्प सेवा समिति और बिग एफएम के सहयोग से मोतीझील मेट्रो स्टेशन पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस कार्य में मेट्रो कर्मचारियों के साथ-साथ यात्रियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। शिविर में डोनर्स को आयोजकों की तरफ से प्रशस्ति पत्र और उपहार भी वितरित किए गए। साथ ही, यात्रियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया गया और इसके लाभों की जानकारी भी दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766339 Articles

Share this story