यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के विजय का शंखनाद हो चुका : पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के विजय का शंखनाद हो चुका : पंकज चौधरी


यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के विजय का शंखनाद हो चुका : पंकज चौधरी


यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के विजय का शंखनाद हो चुका : पंकज चौधरी


लखनऊ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियों को धार देते हुए चुनावी शंखनाद कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शुक्रवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में आयोजित पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी 2027 का विस चुनाव पूरी तरह से पार्टी की सामूहिक जिम्मेदारी और नेतृत्व में लड़ा जाएगा। भाजपा एक बार फिर प्रदेश में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर अपनी हैट्रिक पूरी करेगी।

पंकज चौधरी ने चुनावी रणनीति का खाका पेश करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मुख्य मुकाबला सिर्फ भाजपा से ही है। विपक्ष के जातिगत समीकरणों और नैरेटिव पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि विरोधी दल समाज को जातियों और उप-जातियों में विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता विकास और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के पक्ष में एकजुट है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2022 के चुनाव में भाजपा ने अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर विजय हासिल की थी और इस बार कार्यकर्ताओं का लक्ष्य 2017 से भी बड़ी जीत हासिल करने का है।

संगठन की मजबूती और अनुशासन पर विशेष बल देते हुए प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने कहा कि चुनाव की वास्तविक तैयारी कुछ महीने पहले नहीं, बल्कि एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। यह कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और समर्पण से ही संभव होता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और जनप्रतिनिधियों को 'जहां कम, वहां हम' के मूलमंत्र के साथ हर बूथ पर जाकर सक्रिय होने, मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करने तथा जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए कहा।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व और पिछले साढ़े नौ वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश की किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ें, उनकी प्रचंड जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के व्यापक संकल्प को ध्यान में रखकर पूरी ऊर्जा, नए संकल्प और अनुशासन के साथ मैदान में उतरें और विपक्ष के भ्रामक प्रचार का धरातल पर मुंहतोड़ जवाब दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769268 Articles

Share this story