(अपडेट) प्रचण्ड बहुमत से लगातार तीसरी बार यूपी में बनेगी भाजपा सरकार : पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) प्रचण्ड बहुमत से लगातार तीसरी बार यूपी में बनेगी भाजपा सरकार : पंकज चौधरी


लखनऊ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

उन्होंने कहा कि आज हम सब यहां नई ऊर्जा, नए उत्साह और नए संकल्प के साथ एकत्र हुए हैं। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनानी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका संगठन, विचारधारा और देवतुल्य कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या, संघर्ष और समर्पण के बल पर ही भारतीय जनता पार्टी आज देश की राजनीति को नई दिशा देने वाली सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हुई है।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पार्टी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि भगवान लक्ष्मण की ऐतिहासिक नगरी और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित यह प्रदेश कार्यसमिति केवल एक औपचारिक संगठनात्मक बैठक नहीं है, बल्कि संगठन की शक्ति का मूल्यांकन करने, भविष्य की दिशा निर्धारित करने और नए संकल्प के साथ विजय का मार्ग प्रशस्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास संघर्ष, सिद्धांत और समर्पण का इतिहास है। भाजपा ने कभी सत्ता प्राप्ति को अपना अंतिम लक्ष्य नहीं माना। हमारा लक्ष्य राष्ट्र निर्माण, समाज का समग्र विकास, अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन तथा भारत को विश्व के अग्रणी राष्ट्रों की पंक्ति में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि हमारा इतिहास हमारा गौरव है, हमारा संगठन हमारी शक्ति है और विकसित भारत तथा विकसित उत्तर प्रदेश हमारा संकल्प है।

चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की आत्मा और देश का हृदयस्थल है। यह प्रदेश केवल भौगोलिक दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक, राजनीतिक और आर्थिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की पावन भूमि उत्तर प्रदेश का गौरवशाली इतिहास हमारी प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का विकास भारत के विकास की गति को निर्धारित करता है। जब उत्तर प्रदेश आगे बढ़ता है, तब विकसित भारत का संकल्प और अधिक मजबूत होता है।

संगठनात्मक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन पर्व व्यापक कार्यकर्ता सहभागिता और संगठनात्मक सक्रियता का महत्वपूर्ण उदाहरण रहा है। बूथ से लेकर मंडल और प्रदेश स्तर तक संगठनात्मक संरचना को मजबूत करने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्वाचन के बाद उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में प्रवास करने और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करने का अवसर प्राप्त हुआ।

प्रदेश अध्यक्ष ने संगठनात्मक अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में विभिन्न स्तरों पर पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी के साथ व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विधानसभा स्तर पर सम्मेलनों, मंडल कार्यसमितियों के गठन तथा विभिन्न संगठनात्मक अभियानों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सक्रिय और संगठित करने का कार्य किया गया। संत रविदास समरसता संकल्प अभियान, हर घर तिरंगा अभियान तथा सेवा संकल्प अभियान जैसे कार्यक्रमों ने संगठन को समाज के विभिन्न वर्गों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व, संगठन की मजबूती और देवतुल्य कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाकर विजय का नया इतिहास रचेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769668 Articles

Share this story