कौशांबी : कॉलेज में गंदे टॉयलेट और बदहाल पानी व्यवस्था को लेकर भड़के ‘जेन अल्फा’

WhatsApp Channel Join Now
कौशांबी : कॉलेज में गंदे टॉयलेट और बदहाल पानी व्यवस्था को लेकर भड़के ‘जेन अल्फा’


कौशांबी, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में चायल कस्बे के लाल बहादुर इंटर कॉलेज में गुरुवार को छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गंदे टॉयलेट और बदहाल पेयजल व्यवस्था से नाराज विद्यार्थियों ने क्लासरूम में पढ़ाई बंद कर परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान हल्की बारिश के बावजूद छात्र-छात्राएं क्लासरूम से बाहर डटे रहे और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।

प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज के टॉयलेट लंबे समय से बेहद गंदे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद सफाई और व्यवस्था में सुधार नहीं कराया गया। वहीं, पीने के पानी के लिए कॉलेज परिसर में लगी बदहाल टंकियों पर निर्भर रहना पड़ता है। छात्रों का कहना है कि इन समस्याओं के चलते उन्हें रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विद्यार्थियों के मुताबिक, करीब एक माह पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पूजा पाल से भी कॉलेज की अव्यवस्थाओं की शिकायत की गई थी, लेकिन इसके बाद भी हालात में कोई खास बदलाव नहीं आया।

कॉलेज के प्रिंसिपल संतोष मिश्रा ने बताया कि छात्रों की समस्याओं के संबंध में प्रबंध तंत्र को पहले ही अवगत कराया गया था। छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने और जल्द ही शिक्षण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story