युवा महोत्सव–2026 के समापन समाराेह में विजेताओं का हुआ सम्मान
गोरखपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। गंगोत्री देवी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाेरखपुर में आयोजित त्रिदिवसीय “युवा महोत्सव–2026” का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सम्पन्न हुआ। खेलकूद, निबंध, सामान्य ज्ञान, भाषण, वाद-विवाद, कबड्डी, दौड़, “कुकिंग विदाउट फायर” तथा विविध सृजनात्मक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को गोल्ड मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि प्रोफेसर कीर्ति पांडेय, कला संकायाध्यक्ष, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने कहा प्रतियोगिताएँ ही आत्मविश्वास और आत्मविकास की वास्तविक प्रयोगशाला हैं। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य के प्रति अडिग रहने तथा निरंतर प्रयास को जीवन का मंत्र बनाने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि डॉ. विशाल त्रिपाठी, प्रधानाचार्य, आर्मी पब्लिक स्कूल ने कहा अनुशासन और समर्पण ही सफलता की अटल आधारशिला हैं। उन्होंने युवाओं को चरित्र-निर्माण और समय प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जीवन में संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा दी।
प्रेरक वक्ता एवं लेखक राजल गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा असफलता अंत नहीं, अनुभव का आरंभ है। उनके ओजपूर्ण शब्दों ने छात्राओं में आत्मबल और संघर्ष की सकारात्मक भावना का संचार किया। महाविद्यालय की संरक्षिका रीना त्रिपाठी ने कहा शिक्षा का उद्देश्य डिग्री नहीं, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता है। उन्होंने छात्राओं को सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। महाविद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. गौरी पाण्डेय ने आयोजन समिति और छात्राओं के अनुशासित सहयोग की सराहना करते हुए इसे सामूहिक प्रयास की सफलता बताया।
नर्सिंग विभाग के प्रधानाचार्य प्रकाश सिंह चौधरी ने छात्राओं को स्वास्थ्य, सेवा और सामाजिक प्रतिबद्धता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्रबंध निदेशक आशुतोष मिश्र ने अपने संबोधन में दृढ़ संकल्प व्यक्त करते हुए कहा, “हम युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में ऐसे आयोजनों को और अधिक व्यापक रूप देगा, ताकि छात्राओं को बड़े अवसर प्राप्त हों।
कार्यक्रम में डॉ. संगीता पांडेय, डॉ अर्पिता त्रिपाठी, डॉ. विकास गुप्ता, डॉ. आभा गुप्ता, डॉ. प्रत्या उपाध्याय, डॉ. रेनू गौर, डॉ. सुषमा मिश्रा, शिवांगी त्रिपाठी, डॉ. आमना खातून, डॉ. कुमुद त्रिपाठी, डॉ. शीला त्रिपाठी, डॉ. सीमा श्रीवास्तव, शालिनी त्रिपाठी तथा नर्सिंग विभाग की पूर्व प्रधानाचार्य लौरीटा याकूब सहित अनेक शिक्षिकाएँ एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रिया श्रीवास्तव एवं डॉ. तृप्ति सिंह ने प्रभावपूर्ण ढंग से किया। अंत में आभार ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

