भारत कौशल प्रतियोगिता में युवा दिखाएं हुनर, 15 सितंबर तक कराएं पंजीकरण : सीडीओ अभिनव जे. जैन

WhatsApp Channel Join Now
भारत कौशल प्रतियोगिता में युवा दिखाएं हुनर, 15 सितंबर तक कराएं पंजीकरण : सीडीओ अभिनव जे. जैन


कानपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। भारत कौशल प्रतियोगिता 2026-27 में 16 से 21 वर्ष की आयु के अधिक से अधिक युवा पंजीकरण कर अपने हुनर का प्रदर्शन करें। यह प्रतियोगिता युवाओं को जिला स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक प्रतिभा दिखाने का अवसर दे सकती है। यह जानकारी बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने भारत कौशल प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण की समीक्षा बैठक में दी।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत भारत कौशल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ विश्व कौशल एशिया प्रतियोगिता 2027 और विश्व कौशल प्रतियोगिता 2028 की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को जिला, मंडल, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।

भारत कौशल प्रतियोगिता में 63 विभिन्न कौशलों में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। इच्छुक युवा स्किल इंडिया डिजिटल हब (SIDH) पोर्टल के माध्यम से 15 सितंबर 2026 तक पंजीकरण करा सकते हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की और अधिक से अधिक पात्र युवाओं का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग, एनएसटीआई, आईटीआई, माध्यमिक शिक्षा विभाग, कौशल विकास मिशन, सेवायोजन विभाग और पॉलिटेक्निक संस्थानों में पंजीकृत पात्र युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराने को कहा। उद्योग विभाग को विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत पात्र युवाओं का सर्वे कराकर उन्हें प्रतियोगिता की जानकारी देने और पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।

प्रतियोगिता में 16 से 21 वर्ष की आयु के युवा प्रतिभाग कर सकते हैं। ऑटोमोबाइल, बेकरी, ब्यूटी, कंस्ट्रक्शन, कुकिंग, फैशन टेक्नोलॉजी, हेयर ड्रेसिंग, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, होटल इंडस्ट्री, ज्वैलरी, वेब टेक्नोलॉजी, रिटेल सेल्स, प्लंबिंग, मोबाइल एप्लीकेशन डेवलपमेंट, रेस्टोरेंट सर्विसेज, पेंटिंग, ग्राफिक डिजाइन, हेल्थकेयर, इंडस्ट्रियल मशीनरी, सीएनसी मिलिंग, सीएनसी टर्निंग, वेल्डिंग, साइबर सिक्योरिटी और रिन्यूएबल एनर्जी समेत विभिन्न कौशलों में दक्ष युवा इसमें भाग ले सकते हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में सफल प्रतिभागियों को जिला, मंडल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका मिल सकता है। उन्होंने युवाओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण कर प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story