कोटारनाथ महादेव के दर्शन को निकला युवक अदवा नदी में बहा, तलाश में जुटे ग्रामीण

WhatsApp Channel Join Now
कोटारनाथ महादेव के दर्शन को निकला युवक अदवा नदी में बहा, तलाश में जुटे ग्रामीण


- पुल पार करते समय तेज बहाव में फिसला पैर, ग्रामीणों ने करीब 10 किलोमीटर तक नदी में खंगाला इलाका, देर शाम तक नहीं मिला सुराग

मीरजापुर, 18 अगस्त (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के सोठिया खुर्द गांव निवासी 26 वर्षीय धर्मराज मंगलवार सुबह कोटारनाथ महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए घर से निकला था। अदवा नदी के पुल से गुजरते समय तेज बहाव के बीच अचानक उसका पैर फिसल गया और देखते ही देखते वह नदी की धारा में बह गया। युवक के नदी में गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी।

बताया गया कि नदी किनारे खड़े गौरीशंकर गिरी, छोटकू कोल समेत अन्य लोगों ने धर्मराज को बहते देखा। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। गांव निवासी सुशील सिंह ने तत्काल 112 पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर से नदी में युवक की तलाश शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने अदवा नदी की धारा में करीब 10 किलोमीटर दूर बरौधा तक खोजबीन की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी धर्मराज का कोई पता नहीं चल सका। तेज बहाव के कारण नदी में तलाश करना भी ग्रामीणों के लिए चुनौती बना हुआ है। ग्रामीण नदी के आसपास लगातार उसकी खोज में जुटे रहे।

इधर, युवक के नदी में बहने की जानकारी मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। धर्मराज के लापता होने से परिवार में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद में लगातार तलाश कर रहे हैं।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि युवक के अदवा नदी में बहने की सूचना मिली है। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story