मथुरा : युवा संवाद के जरिए राष्ट्र निर्माण से जुड़ेंगे 10 हजार युवा

WhatsApp Channel Join Now
मथुरा : युवा संवाद के जरिए राष्ट्र निर्माण से जुड़ेंगे 10 हजार युवा


-आरएसएस ने मथुरा में शुरू की विशेष मुहिम

मथुरा, 25 अगस्त(हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में श्रावण-भाद्रपद माह के दौरान महानगर के विभिन्न स्थानों एवं महाविद्यालयों में युवा संवाद कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ मथुरा महानगर स्थित श्रीजी बाबा विद्यालय से हुआ। यह जानकारी आरएसएस के मथुथा महानगर प्रचार प्रमुख माधव पुलकित प्रसाद ने मंगलवार काे दी।

कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कार्यक्रम के संयोजक तथा महानगर शारीरिक शिक्षण प्रमुख कुशलेश ने कहा कि संघ का मुख्य ध्यान देश की नई और उभरती युवा पीढ़ी पर है। उन्होंने कहा किसी भी राष्ट्र का युवा उसकी रीढ़ होता है। देश का झुकाव उसी दिशा में होता है जिस ओर युवा शक्ति कदम बढ़ाती है। इसलिए युवाओं की योग्यता और ऊर्जा का उपयोग राष्ट्रहित में होना आवश्यक है, ताकि युवा आत्मनिर्भरता (अर्थाेपार्जन) के साथ-साथ देश सेवा के प्रति समर्पित रहें।

उन्हाेंने बताया कि प्रत्येक युवा संवाद कार्यक्रम को कुल दो घंटे की समयावधि में डिजाइन किया गया है, जिसमें शारीरिक सत्र (एक घंटा) के दौरान युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने और खेलों के प्रति रुचि जगाने के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन है तथा संवाद सत्र (30-30 मिनट के दाे चरण) में संघ के वक्ताओं द्वारा राष्ट्रीय विषयों पर विचार प्रस्तुतीकरण और युवाओं की शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे।

महानगर सह कार्यवाह श्रीओम के अनुसार, पूरे मथुरा महानगर में ऐसे 100 युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य तय किया गया है। उनके माध्यम से लगभग 10 हजार युवाओं को जोड़ा जाएगा। इन आयोजनों में 14 से 40 वर्ष की आयु के विद्यार्थी और व्यवसायी भाग ले सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story