मीरजापुर: जमीन के विवाद से परेशान युवक ने थाने में किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर: जमीन के विवाद से परेशान युवक ने थाने में किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाई जान


- पुलिसकर्मियों की सतर्कता से टली बड़ी घटना, मारपीट और दीवार तोड़ने का आरोप

मीरजापुर, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जिगना थाना परिसर में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन विवाद से परेशान एक युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और उसके हाथ से माचिस छीनकर बड़ी अनहोनी टाल दी।

जानकारी के मुताबिक, गौरा गांव निवासी वंशराज सिंह ने आरोप लगाया कि वह अपनी पुश्तैनी जमीन पर पक्की दीवार का निर्माण करा रहे थे। इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने करीब 10 फीट ऊंची दीवार गिरा दी, पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाया और विरोध करने पर उनके तथा परिवार की महिलाओं और अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की। उनका यह भी आरोप है कि पीआरवी पुलिस के पहुंचने के बाद भी हंगामा जारी रहा और विपक्षी उसी जमीन पर निर्माण कराने लगे।

घटना के बाद घायल वंशराज सिंह अपने परिजन के साथ जिगना थाने पहुंचे। थाने में पिता को घायल अवस्था में बैठा देखकर उनका बेटा धर्मेंद्र सिंह भावुक हो गया और कथित रूप से पेट्रोल की बोतल निकालकर खुद पर उड़ेल ली। जैसे ही उसने माचिस जलाने का प्रयास किया, वहां मौजूद नायब दरोगा और पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे पकड़ लिया और आत्मदाह की कोशिश विफल कर दी।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विवादित स्थल पर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है।

वहीं पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उनकी तहरीर पर अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। उनका कहना है कि यदि आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे गुरुवार को पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की मांग करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story