दो बाइकों की भिड़ंत में घायल युवक की बीएचयू में मौत

WhatsApp Channel Join Now
दो बाइकों की भिड़ंत में घायल युवक की बीएचयू में मौत


- चार दिन तक जिंदगी से जूझते रहे शकील, इलाज के दौरान तोड़ा दम; तीन बेटियों और बेटे के सिर से उठा पिता का साया

मीरजापुर, 16 अगस्त (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के वाराणसी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसही गांव के पास गुरुवार शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की रविवार दोपहर बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव घर पहुंचा तो पूरे गांव में मातम छा गया।

बसही कलां गांव निवासी नईम अहमद के पुत्र शकील अहमद गुरुवार को किसी काम से पतुलकी जाहुर गए थे। देर शाम वापस लौटते समय बसही गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में शकील गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायल शकील को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मीरजापुर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां रविवार दोपहर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। देर शाम शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शकील अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि अन्य बच्चे अभी छोटे हैं। पिता की मौत से बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से गांव में भी शोक का माहौल है। थाना प्रभारी ने बताया कि आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story